नींद बड़ी अच्छी आती है
जब मैं अपने घर सोता हूं
पर थोड़ी खुशबू आती है
जब मैं अपने घर सोता हूं।
एक नदी भी जाती है
छोटी छोटी मछली आती है
तारो का भी लगता मेला
दिन में सूरज से होता उजेला
हवा भी अच्छी आती है
जब मैं अपने घर सोता हूं।
पर कुछ दिनों से हलचल है
जाने कैसा ये पल है
कुछ खाकी वर्दी वाले लोग
आते मेरे घर को रोज
कूड़े का ढेर बता
हैं रहे खाली करवा
कहते गंदे नाले में
कैसे रहते हैं ये लोग?
पर कूड़े का ढेर नही
ये मेरी बस्ती है
गंदा नाला नही
यहां तो प्यारी नदी बहती है।
कहते हैं देंगे नया घर
अच्छा सुंदर दूर कही
पर मुझको तो रहना है यहीं
क्योंकि नीद बड़ी अच्छी आती है
जब मैं अपने घर सोता हूं
हा पर थोड़ी खुशबू आती है
जब मैं अपने घर सोता हूं।
